कलम लाइव पत्रिका

ईमेल:- kalamlivepatrika@gmail.com

Sponsor

तस्वीर चीखने लगी/ tasvir chikane lagi /समीर उपाध्याय

 शीर्षक: तस्वीर चीखने लगी


सरस्वती के पास पति की एक मात्र निशानी उसका घर था जिसे वो संभालकर बैठी थी। लेकिन पति के चल बसने के बाद जिंदा लाश-सी हो गई थी। जिंदगी के बोझ को ढोते-ढोते थक गई थी। आखिर, एक दिन दम तोड़ ही दिया।
         आज सरस्वती का बेसना है। दोनों बेटे-बहुएं अपनी संतानों को लेकर शहर से आएं हैं। आंगन में मंड़प बिछाया है। ज़मीन पर लोगों को बैठने के लिए बहुत बड़ी जाजम बिछाई है। मेज पर सरस्वती की बड़ी तस्वीर बनाकर रखी है। तस्वीर पर गुलाब के फूलों का हार चढ़ाया है। पास में दीपक और धूपसली जलाकर रखी है।
          दोनों बेटे और बहुएं श्वेत वस्त्रों में सज्ज होकर मुंह पर मायूसी की रेखाएं बनाकर बैठे हैं। नाते-रिश्तेदार आने लगे हैं। दोनों बेटे बहुएं फूट-फूटकर रो रहे हैं। लोग उन्हें सांत्वना देने लगे:-"यह सब ऊपरवाले ने बना बनाया खेल है। होनी को कौन टाल सकता है भला? अब भगवान का नाम स्मरण करो ताकि उनकी आत्मा को शांति मिले।"
          इतने में एक बहुत बड़ा अचम्भा हुआ। तस्वीर के पास रखा हुआ दीपक और धूपसली दोनों बुझ गएं। तस्वीर को चढ़ाया गया गुलाब के फूलों का हार नीचे गिर पड़ा। एक बहुत बड़े धड़ाके के साथ तस्वीर का कांच भी टूट गया। तस्वीर में सरस्वती की आंखों में रक्त की बूंदें दिखाई दी और एक दर्द भरी चीख सुनाई दी:-"अरे निकम्मों! तुम दोनों मेरे पति की एक मात्र निशानी जो मेरे पास थी उसे बेचकर आपस में बंटवारा करने पर तुले थे। मैं मोत की घड़ियां गिन रही थी तब कहां थे तुम दोनों? क्यों कभी इच्छा नहीं हुई मां की ख़बर पूछने की? अपनी मां के प्रति इतनी भावशून्यता! इतनी निष्ठुरता! किसके मातम में ये आंसू बहा रहे हो? जब मां जिंदा थी तब कभी याद नहीं आई और आज समाज को दिखाने के लिए आंसू बहा रहे हो? ये आंसू एक ढकोसला है। बाहरी दिखावा है। उतार दो अपने चेहरों से ये मुखौटे। बंद करो ये सब नाटक! उतार दो इन सफेद वस्त्रों को! बेच डालो इस मकान को ताकि तुम्हारी पैसे की भूख मिट जाएं! ऐसी संतान से बेहतर है बांझ होना। लानत है तुम जैसी सतान पर। लानत है। लानत है। लानत है।
                दोनों बेटे और बहुएं मुंह लटकाकर सिर झुकाए बैठे हैं। शोक व्यक्त करने के लिए आये हुएं लोग भी स्तब्ध रह गएं।

समीर उपाध्याय
मनहर पार्क:96/A
चोटीला:363520
जिला:सुरेंद्रनगर
गुजरात
भारत
926571739

No comments:

Post a Comment